इवैंट मैनेजमैंट में युवा आकर्षक करियर बना सकते हैं

ग्लैमर इंडस्ट्री में हमेशा से लोगों की काफी अधिक रुचि रही है। पर इवैंट मैनेजमैंट भी चकाचौंध से जुड़ा एक ऐसा ही रोजगार विकल्प है जो हाल के दिनों में युवाओं में काफी पसंद किया जाने लगा है। देश के बड़े शहरों में इस वक्त कई हजार इवैंट कम्पनियां हैं। इतना ही नहीं, अब तो देश के छोटे शहरों में भी इवैंट मैनेजमैंट कम्पनियों का चलन शुरू हो चुका है। इन कम्पनियों में युवा एक आकर्षक करियर बना सकते हैं। यही कारण है कि करीब एक दशक पूर्व शुरू हुए इस उद्योग में वार्षिक कई सौ फीसदी की बढ़ौतरी हो रही है।

खास बात है कि इस करियर में किसी बड़े निवेश की जरूरत नहीं होती है, जबकि यहां काम करने वालों को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने के मौके अक्सर मिलते हैं। और तो और उपयुक्त प्रतिभा हो तो किसी भी विषय के छात्र इस फील्ड में सफल करियर  बना सकते हैं।

कार्यक्षेत्र

इवैंट मैनेजर एक तय ऑडियंस को ध्यान में रख कर पेशेवर तरीके से इवैंट के आयोजन का प्रबंध करते हैं। इसमें कंसैप्ट तैयार करना, उनकी योजना बनाना तथा योजना को कार्यरूप देना शामिल होता है। इनमें फैशन शो, संगीत या नृत्य कार्यक्रम, कॉर्पोरेट सैमीनार, प्रदर्शनियां, विवाह समारोह, थीम पार्टियां, उत्पादों की लांचिंग, सौंदर्य प्रतियोगिता, क्रिकेट मैच, लेजर बीम शो, डांस व मूवी शो से लेकर हर तरह के इवैंट्स का आयोजन शामिल हो सकता है।

इवैंट मैनेजर का वर्गीकरण मुख्यत: दो तरह से किया जा सकता है-

1. एक्सपैरिमैंटल मार्कीटिंग प्रोफैशनल्स तथा

2. लाइव एंटरटेनमैंट प्रोफैशनल्स।

इनमें से एक्सपैरिमैंटल मार्कीटिंग प्रोफैशनल्स अपने क्लाइंट्स को मार्कीटिंग एवं कम्युनिकेशंस से जुड़ी सेवाएं प्रदान करते हैं ताकि वे अपने बिजनैस लक्ष्य हासिल कर सकें।

दूसरी तरफ लाइव एंटरटेनमैंट प्रोफैशनल्स लोगों के लिए मनोरंजक, रोचक तथा आकर्षक कार्यक्रम आयोजित करने में महारत रखते हैं। कई बार बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए इन दोनों कार्यों को एक साथ जोड़ भी दिया जाता है।

सम्भावनाएं
इवैंट मैनेजमैंट में उज्ज्वल भविष्य की बड़ी संभावनाएं हैं। इसका काम कुछ हद तक जनसम्पर्क एजैंसियों से मेल खाता है। बड़ी उत्पादक कम्पनियां अपने नए उत्पाद को बाजार में उतारने से पहले कार्पोरेट जगत में अपनी पहचान बनाने या किसी उत्पाद की बिक्री बढ़ाने के लिए कई तरह के इवैंट करवाती रहती हैं।

किसी भी कार्यक्रम को उसकी सभी जरूरतों और बजट के मुताबिक बेहतरीन ढंग से अंजाम देना इवैंट मैनेजमैंट से जुड़े लोगों का ही काम होता है। फिर चाहे वह जनसम्पर्क, मार्कीटिंग, मॉडलिंग हो या विज्ञापन का अतिरिक्त कार्यक्षेत्र। इसमें तड़क-भड़क वाले कार्यक्रमों का भव्य आयोजन मुख्य कार्य है।

किसी कार्यक्रम के अधिक से अधिक टिकट बेचने, उसे लोकप्रिय बनाने व लाभ कमाने के उद्देश्य से विज्ञापनों को आकर्षक बनाने की रूपरेखा भी अक्सर इवैंट मैनेजमैंट कम्पनियां ही तैयार करती हैं। वैसे भी इन दिनों मीडिया, प्लानिंग, विज्ञापन और मार्कीटिंग से जुड़े किसी भी बड़े कैम्पेन में कोई न कोई इवैंट जरूर जुड़ा रहता है।

मौजूदा समय में औद्योगिक घरानों के घरेलू समारोह, शादी, जन्मदिन, वर्षगांठ के बड़े पैमाने पर आयोजन की जिम्मेदारी भी इवैंट मैनेजमैंट कम्पनियों को सौंपी जाने लगी है।

योग्यता

इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए किसी खास तरह की शैक्षिक योग्यता हासिल करने की जरूरत नहीं होती।  अच्छे जनसम्पर्क एवं व्यावहारिक कौशल वाले ग्रैजुएट युवा इस क्षेत्र में काम कर सकते हैं।  कुछ संस्थान इस क्षेत्र में विशेष डिप्लोमा करवाते हैं। वैसे बड़ी इवैंट मैनेजमैंट कम्पनियां एम.बी.ए. डिग्रीधारी युवाओं को ही नियुक्ति देना पसंद करती हैं। इस क्षेत्र में करियर बनाने की चाह रखने वाले युवाओं के लिए पब्लिक रिलेशन्स कोर्स के साथ मार्कीटिंग में मास्टर डिग्री प्राप्त करना एक उत्तम विकल्प साबित हो सकता है।

प्रमुख संस्थान


इवैंट मैनेजमैंट डिवैल्पमैंट इंस्टीच्यूट (देश भर में अनेक शाखाएं हैं)

सिम्बायोसिस इंस्टीच्यूट ऑफ मीडिया एंड कम्युनिकेशन्स, पुणे, महाराष्ट्र

नैशनल इंस्टीच्यूट ऑफ इवैंट मैनेजमैंट, पुणे, महाराष्ट्र

इंडियन इंस्टीच्यूट ऑफ लर्निंग एंड एडवांस्ड डिवैल्पमैंट, गुडग़ांव, हरियाणा

एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा, उत्तर प्रदेश

Post a Comment

Previous Post Next Post
SANSKAR NEWS LIVE
SANSKAR NEWS LIVE

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume