अब स्पीकर भी हो गया वायरलैस!


वायरलैस तकनीक में एक के बाद एक आश्चर्यजनक बदलाव हो रहे हैं। पहले वायरलैस फोन चार्जर और अब वायरलैस ऑडियो सिस्टम बाजार में आ गया है। म्यूज़िक के प्रति युवकों की स्वाभाविक दिलचस्पी को ध्यान में रखते हुए सोनी इंडिया ने अभी-अभी मोबाइल गैजेट्स के लिए अपना 'वायरलैस स्पीकर' लांच किया है। नाम है- जीटीके-एन 1बीटी, और यह आपके मोबाइल गैजेट (स्मार्टफोन, टैबलेट आदि) के क्रिस्टल क्लियर संगीत को बड़े और दमदार स्पीकर पर सुनना संभव बना देगा। वह भी तारों के झंझट के बिना।
असंभव यह पहले भी नहीं था लेकिन स्मार्टफोन को बाहरी स्पीकरों से कनेक्ट करने के लिए तारों की जरूरत होती थी। आपका गैजेट स्पीकर के साथ बंधकर रह जाता था। उसे इधर-उधर ले जाने की आज़ादी खत्म। वायरलैस स्पीकर के आ जाने से आपको दोनों सुविधाएं मिल जाएंगी। फोन की मोबिलिटी बरकरार और बड़े स्पीकर पर संगीत सुनने का आनंद भी यथावत। वो कहते हैं ना कि बेस्ट ऑफ बोथ वर्ल्ड्स।
सोनी जीटीके-एन 1बीटी सौ वाट का सिंगल बॉक्स स्पीकर सिस्टम है। यह ब्लूटूथ, नियर फील्ड कम्युनिकेशन (एनएफसी) और ऑडियो-इन सुविधाओं से लैस है। साथ ही साथ इसमें मौजूद है एक यूएसबी पोर्ट। यानी स्मार्टफोन को एक से अधिक तरीकों से इस ऑडियो सिस्टम के साथ कनेक्ट करना संभव है। अब एक नज़र डालते हैं खुद स्पीकर पर। इसके तीन अलग-अलग हिस्से हैं। 6.2 इंच का बड़ा सब-वूफर ध्वनि को गुंजाने का काम करता है जबकि अपेक्षाकृत छोटे आकार (2.5 इंच) के दो छोटे ड्राइवर स्टीरियो साउंड निर्मित करते हैं। सब-वूफर में रंगीन एलईडी लाइट्स लगी हैं जो संगीत के आनंद को बढ़ा देती हैं।
आपके पास एंड्रोइड फोन हो या फिर आइ-फोन या फिर कोई भी आधुनिक टैबलेट, यह सबके साथ अच्छी तरह काम करेगा। नियर फील्ड कम्युनिकेशन तकनीक के कारण इसे किसी भी कम्पैटिबल स्मार्टफोन के साथ तुरत-फुरत पेयर किया (जोड़ा) जा सकता है। सिंगल टैप से। वैसे आप चाहें तो इसे अपने कंप्यूटर, लैपटॉप और टेलीविजन से भी जोड़ सकते हैं और सिर्फ स्टोर किए गए संगीत का ही नहीं, बल्कि एफएम रेडियो का भी आनंद लिया जा सकता है।
इसका यूएसबी पोर्ट आइफोन और आइपैड के लिए खास तौर पर अनुकूल है। स्पीकर के साथ एक एंड्रोइड एप्लीकेशन भी आता है जिसकी वजह से किसी भी एंड्रोइड स्मार्टफोन के जरिए बिना किसी तकनीकी उलझन के बड़े आराम से इस पर संगीत चलाया जा सकता है। लेकिन एक कमी है। इसे बिजली के प्वाइंट से जोड़ने की जरूरत होती है, क्योंकि इसमें बैटरी मौजूद नहीं है। भारत में सोनी जीटीके-एन1 बीटी स्पीकर की कीमत रखी गई है- 16999 रुपए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
संस्कार News
संस्कार News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume