योटाफोन! नाम से ऐसा लगता है जैसे हॉलीवुड की किसी फिल्म में इस्तेमाल होने वाला कोई खास किस्म का फोन हो। फिल्मी तो यह नहीं है, लेकिन फिर भी योटाफोन है वाकई खास। यह संभवतः दुनिया का पहला ऐसा फोन है जिसके दोनों तरफ स्क्रीन मौजूद है। पहले आपने ड्युअल सिम कार्ड वाले फोन देखे थे, फिर ड्युअल कैमरा वाले स्मार्टफोन आए और अब अब ड्युअल स्क्रीन हाजिर है। यह फोन उन लोगों को खास तौर पर पसंद आएगा जो स्क्रीन पर किताबें पढ़ना पसंद करते हैं। अब तक ऐसा कोई गैजेट मौजूद नहीं था जिसमें पढ़ने लिखने के लिए खास तौर पर अलग से स्क्रीन की व्यवस्था हो। योटाफोन के एक तरफ की स्क्रीन किसी भी आम एंड्रोइड स्मार्टफोन जैसी ही है और टेलीफोन कॉल, एसएमएस, एप्लीकेशन्स, चैट, कैमरा वगैरह के लिए इस्तेमाल होती है। लेकिन दूसरी तरफ की स्क्रीन कुछ खास है। यह ई-इंक टेक्नॉलजी पर आधारित स्क्रीन है, जिसे किताबें, पत्रिकाएँ या अखबार पढ़ने के लिए आदर्श माना जाता है। वैसे ही, जैसे अमेजॉन की किंडल और सोनी का ई-रीडर। यह स्क्रीन हमेशा ऑन रहती है और नगण्य सी मात्रा में पावर का इस्तेमाल करती है इसलिए इसे कभी भी ऑफ करने की जरूरत ही नहीं है।
ई-इंक स्क्रीन पर किताबें पढ़ने का अनुभव एकदम वास्तविक प्रतीत होता है। साफ-सुथरी स्क्रीन पर एकदम किताब के पन्ने जैसी ही बात। चाहें तो उंगलियों से पन्ने पलटिए, चाहें तो टेक्स्ट को छोटा-बड़ा कर लीजिए और बुकमार्क लगा दीजिए। सैंकड़ों किताबों को अपनी मेमरी में रखने में सक्षम यह फोन आपकी जेब में मौजूद एक अच्छी-खासी लाइब्रेरी की तरह है। फिर भले ही आप उसमें टेक्स्ट बुक्स पढ़ें या फिर कॉमिक्स। ई-इंक डिस्प्ले तकनीक फिलहाल महंगी है और इसीलिए योटाफोन की कीमत भी करीब 40 हजार रुपए है- आइफोन से थोड़ी कम और बाजार में उपलब्ध दूसरे प्रीमियम स्मार्टफोन्स के लगभग बराबर। लेकिन अहम बात यह है कि यह किताबों के शौकीनों को किंडल जैसी दूसरी डिवाइस खरीदने और साथ रखने की जरूरत से मुक्त कर देता है।
योटाफोन में एंड्रोइड 4.2.2 (जेली बीन) का इस्तेमाल हुआ है जो एक अच्छा ऑपरेटिंग सिस्टम है। इसमें स्नैपड्रैगन एस4 1.7 गीगाहर्ट्ज ड्युअल कोर प्रोसेसर, दो गीगाबाइट रैम, 32 जीबी इंटरनल मेमरी, 4.3 इंच फुल कलर डिस्प्ले और 720 गुणा 1280 का शानदार रिजोल्यूशन मौजूद है। लेकिन एक और चीज़ जो आपका ध्यान खींचेगी, वह है इसका 13 मेगापिक्सल का रियर फेसिंग कैमरा, जो किसी भी प्रोफेशनल कैमरे से टक्कर लेने में सक्षम है। वह भी 1 मेगापिक्सल के फ्रंट फेसिंग कैमरे के अलावा। इसका चार्जर भी खास है, जिस पर बना लोगो चार्जिंग के समय चमकता रहता है और बैटरी के फुल चार्ज होने पर अपने आप ऑफ हो जाता है। यानी आप फोन को देखे बिना ही जान लेंगे कि वह पूरी तरह चार्ज हुआ या नहीं। क्या आपको विश्वास होगा कि यह इस कंपनी का पहला फोन है!
