ऐसे बढ़ेंगे सफलता की ओर कदम...

क्या आप अक्सर अपने कामों को समय पर निपटाने की जद्दोजहद में लगे रहते हैं। अक्सर आपका काम अंतिम समय सीमा पर जाकर ही खत्म हो पाता है तो हो सकता है कि समस्या की जड़ आपके समय का उचित प्रबंधन न कर पाने में हो। कुछ बातों का ध्यान रख कर आप अपने समय का सदुपयोग कर सकते हैं। 

समय का ध्यान रखें 
सबसे पहले आपको इस बात पर गौर करना होगा कि आप अपने समय को किस प्रकार व्यतीत कर रहे हैं। उदाहरण के लिए हर हफ्ते आप फोन पर कितना समय बिताते हैं, इस बात पर गौर करके आप चौंक सकते हैं क्योंकि आपको खुद इस बात का अहसास नहीं होगा कि फोन पर बेमतलब की बातचीत में ही आप काफी सारा समय खराब करते होंगे। 

सबसे पहले आप उन आम कार्यों की सूची बनाएं जिनमें आपका सबसे ज्यादा समय व्यतीत होता है चाहे वह फोन करना हो,खाना, सोना, संगीत सुनना, घूमना, टी.वी. देखना, इंटरनैट पर समय बिताना या परिवार के साथ समय बिताना हो। इसके बाद हर गतिविधि पर बिताए जाने वाले समय को अंदाजे से लिख लें। 

चार्ट बनाएं
अपनी गतिविधियों की सूची से पांच कॉलम वाला एक चार्ट बना लें। पांच दिनों के लिए उसे हमेशा अपने साथ रखें और हर गतिविधि पर लगने वाले समय को इस पर नोट करते रहें। यह थोड़ा मुश्किल लग सकता है लेकिन इससे आपको काफी जानकारी मिल जाएगी। यदि आप एक साथ दो काम करते हैं जैसे खाना खाते हैं और टी.वी. भी देखते हैं  तो इन दोनों में से किसी एक गतिविधि के तौर पर आप इसे नोट कर सकते हैं। आपका मकसद केवल व्यतीत होने वाले समय की जानकारी एकत्रित करना है।

आकलन करें 
करीब एक हफ्ते तक इस तरह विभिन्न गतिविधियों पर व्यतीत होने वाले आपके समय की जानकारी चार्ट पर जमा हो जाने के बाद इस पर गौर करें। आपको पता चल जाएगा कि आपने जो अनुमान लगाया था उसकी तुलना में वास्तव में आप विभिन्न गतिविधियों पर कितना समय व्यतीत करते हैं। 

यदि आप भी अधिकतर आम लोगों की तरह ही हैं तो यह देख कर जरूर चौंक जाएंगे कि सबसे गैर-जरूरी गतिविधियों पर आपका सबसे अधिक समय व्यतीत होता है। बेशक आपको आराम करने तथा अपने मनोरंजन के लिए समय व्यतीत करने का हक है लेकिन एक स्वस्थ तथा सफल जीवन के लिए जरूरी है कि आप सभी कार्यों पर बिताए जाने वाले समय में संतुलन स्थापित करें।

नए लक्ष्य निर्धारित करें 
जो चार्ट आपने तैयार किया है उस पर गौर करते हुए देखें कि किन गैर- जरूरी गतिविधियों पर समय बर्बाद करना आप बंद कर सकते हैं। उन क्षेत्रों पर गौर करें जिनमें आप सुधार कर सकते हैं। अब आप इस सारी प्रतिक्रिया को एक नई सूची तैयार करके दोबारा शुरू करें। हर कार्य या गतिविधियों के लिए समय का नया आकलन करें। अपने लिए लक्ष्य तय करें, काम पर अधिक समय जबकि अपनी कमजोरियों जैसे कि टी.वी. देखने या गेम्स खेलने के लिए कम समय निर्धारित करें।

सफलता के लिए सुझाव 
अकेले काम न करें। हम में से कुछ लोगों को तय लक्ष्यों से जुड़े रहने के लिए सहारे की जरूरत होती है। किसी दोस्त के साथ प्रतियोगिता, चीजों को रोचक बनाए रखती है। अपने किसी दोस्त के साथ काम करते हुए आप बोर भी नहीं होंगे और आपका ध्यान अपने लक्ष्य पर लगा रहेगा। 

अपने माता-पिता को भी शामिल करें। उन्हें अपनी गतिविधियों पर नजर रखने का काम दिया जा सकता है ताकि आप समय व्यर्थ न कर सकें।  खुद के लिए ईनाम तय करें। खुद में किए सुधार तथा समय का सदुपयोग करने के बाद खुद को आप कोई ईनाम दे सकते हैं। इससे आप हमेशा प्रेरित  रहेंगे। किसी लक्ष्य को हासिल करने के बाद आप पार्टी भी कर सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
संस्कार News
संस्कार News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume