दोस्तो, हर न्यू ईयर में आप कोई न कोई रेजॉल्यूशन जरूर लेते हैं, लेकिन क्या इनमें कोई फाइनेंशियल रेजॉल्यूशन होता है? सच तो यह है कि ज्यादातर लोग इसकी तरफ ध्यान नहीं देते। पिछले साल की अपनी गलतियों से सबक लेते हुए आप अपनी वित्तीय सेहत को दुरुस्त रखने की खातिर नए साल में कुछ रेजॉल्यूशन ले सकते हैं। क्या आपने ऐसा किया है? अगर नहीं, तो अब भी देर नहीं हुई है। आइए, आपको बताते हैं कि आप 2015 के लिए क्या रेजॉल्यूशन ले सकते हैं...
इमर्जेंसी फंड बनाऊंगा
आप घर में रहकर पढ़ाई करते हों या हॉस्टल में, या आप कोई जॉब ही क्यों न करते हों, आपके पास एक इमर्जेंसी फंड होना चाहिए। आप संकल्प लें कि इस साल ऐसा फंड जरूर बनाएंगे। आमतौर यह माना जाता है कि किसी भी व्यक्ति को अपनी सालाना इनकम का 25 से 50 फीसदी तक का एक इमरजेंसी फंड बनाकर रखना चााहिए। आप एक सेविंग एकाउंट या स्वीप-इन एफडी में इस तरह का फंड जमा रख सकते हैं ताकि मुश्किल की घड़ी में यह काम आ सके।
कर्जों से मुक्ति पाऊंगा
आप क्रेडिट कार्ड से शॉपिंग करते हैं, पर्सनल लोन या किसी अन्य तरह का लोन लिया है तो यह संकल्प ले सकते हैं कि इस साल इस कर्ज के बोझ से मुक्ति पानी है। यह थोड़ा कठिन जरूर है, लेकिन यदि आप अपने खर्चों पर कटौती करेंगे और ज्यादा से ज्यादा बचत करने की कोशिश करेंगे तो इसे जरूर पूरा कर सकेंगे। ध्यान रहे कि सबसे पहले उन कर्जों को चुकाना है जिन पर ब्याज दर बहुत ज्यादा लग रही हो। क्रेडिट कार्ड के मिनिमम बिल पर ध्यान न दें, उसकी ज्यादा से ज्यादा रकम चुकाने का प्रयास करें।
अपना एक बजट तैयार करूंगा
इस साल आप यह रेजॉल्यूशन ले सकते हैं कि अपने खर्चों का एक बजट बनाऊंगा और उसी के मुताबिक खर्च करने की कोशिश करूंगा। वास्तव में आपका पूरे एक साल का गोल तय होना चाहिए। एक बार जब आपको यह पता रहेगा कि आपको इस पूरे साल में क्या-क्या करना है तो अपने खर्चों का एक बजट आसानी से बना सकते हैं। हां, यह ध्यान रहे कि बजट बनाने के बाद आप सख्ती से उसका पालन भी करें।
दोस्तों-रिश्तेदारों से डिस्कस करूंगा
हम भारतीय लोग फाइनेंशियल मैटर में अपने दोस्त या फैमिली मेंबर्स से चर्चा नहीं करते। इसकी वजह से अक्सर हम काफी परेशानी अकेले ही झेलते रहते हैं। अगर आप अपनी मुश्किलों को किसी अपने केेसामने शेयर करेंगे तो वे आसान लगने लगेंगी। आप संकल्प लें कि इस साल अपने फैमिली मेंबर्स, करीबी दोस्त से फाइनेंशियल मामलों पर राय लेंगे और इस तरह अपनी परेशानी दूर करने की कोशिश करेंगे।
अपनी बचत बढ़ाऊंगा
यदि आपके पास पहले से ही इमरजेंसी फंड है और कर्ज भी खास नहीं है, तो इस साल अपनी बचत को बढ़ाने का संकल्प लें। अगर आप जॉब करते हैं या ट्यूशन आदि के रूप में आपकी कोई नियमित आय होती है तो हर महीने बचत करने के लिए किसी बैंक का एक रिकरिंग डिपॉजिट एकाउंट खोलें। इसके अलावा, किसी अच्छे इक्विटी म्यूचुअल फंड में भी आप एसआइपी के जरिए पैसा लगा सकते हैं।
फालतू खर्च बंद करूंगा
आप अपने किसी एक महीने की पूरी इनकम और खर्च नोट करें तो पाएंगे कि कई ऐसे फालतू खर्च हैं, जिन्हें आप आसानी से बंद या कम कर सकते हैं। इस साल आपका यह संकल्प होना चाहिए कि फालतू खर्च बिल्कुल नहीं करूंगा। पिछले साल के ही खर्चों पर गौर करें तो पाएंगे कि बाहर खाने या पार्टी पर कई बार बेवजह आपने ज्यादा पैसा खर्च किया होगा या आपने ऐसे गैजेट खरीदे होंगे जिनकी खास जरूरत नहीं थी। इस साल ऐसे फालतू खर्चों से बचने का संकल्प लें।
अपनी नॉलेज बढ़ाऊंगा
इस साल आपको फाइनेंशियल मामलों में अपनी नॉलेज बढ़ाने का रेजॉल्यूशन भी लेना चाहिए। आपको नियमित रूप से अखबारों या वेबसाइट्स पर पर्सनल फाइनेंस से जुड़े आर्टिकल पढऩे चाहिए। इससे वित्तीय मामलों पर आपकी समझ बढ़ेगी।
नए साल में ऐसे बनाएं खुद को खुशहाल
-सबसे पहले आपको एक इमर्जेंसी फंड बनाना चाहिए, जो जरूरत पर काम आ सके।?
-अपने कर्जों को चुकाने का प्रयास करें और पहले ज्यादा ब्याज दर वाले कर्ज पर ध्यान दें।
-फालतू खर्च बंद करने का संकल्प लें और अपनी बचत को बढ़ाएं।